ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और शहीद संदीप सिंह रावत स्मृति समिति की ओर से रविवार को सीमाद्वार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित शिविर में आईएमए ब्लड बैंक के विशेषज्ञ लोगों को सुरक्षित रक्तदान के संबंध में जानकारी देंगे।
शहीद संदीप सिंह रावत स्मृति समिति के सचिव महेश रावत ने बताया कि हिल फाउंडेशन पब्लिक स्कूल सीमाद्वार में सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में बड़ी संख्या में आरएसएस पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी रक्तदान करेंगे। साथ ही स्थानीय लोग भी रक्तदान के इस पावन कार्यक्रम में अपना सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से नियमित तौर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में लोग स्वैच्छिक रक्तदान कर रहे हैं। कार्यक्रम में आरएसएस के सायं कार्यवाह सतेंद्र, मनमोहन पंत, सेवा प्रमुख सुनील, प्रदीप, शुभम, यश, राजेश, अभिषेक समेत अन्य स्थानीय लोग सहयोग कर रहे हैं।