सिटी को स्मार्ट बनाने की कवायद तेज
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। स्मार्ट सिटी कार्यालय में बृहस्पतिवार को स्वीडन की सात कंपनियों ने स्मार्ट सिटी पर प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी नई प्रौद्योगिकी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्मार्ट ऊर्जा, आईटी तकनीक, स्मार्ट अग्निशमन के बारे में बताया।
स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश बगोली की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में स्वीडन की सात कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे। यह आयोजन स्वीडिश सरकार के उपक्रम बिजनेस स्वीडन और उत्तराखंड में उसके नॉलेज पार्टनर गति फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने, जन सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रयोग होने वाली तकनीक के बारे में जानकारी देना था। स्वीडिश कंपनियों ने आईटी तकनीक, शहरी पर्यावरणीय सेवाएं, स्मार्ट ऊर्जा, स्मार्ट अग्निशमन समाधान आदि से संबंधित तकनीक के बारे में बताया।
देहरादून स्मार्ट सिटी लि. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश बगोली ने कहा कि ऐसे आयोजन से नई तकनीकी के आदान प्रदान में सहायता मिलती है। स्मार्ट सिटी के कार्यों के क्रियान्वयन में नई तकनीक का प्रयोग कर बेहतर विकास किया जाएगा।
बिजनेस स्वीडन की कार्यकारी अधिकारी अंजलि भोला ने कहा कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में भी इस तरह की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। गति फाउंडेशन के अनूप नौटियाल ने कहा कि इस तरह की कार्यशाला से शहरों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस मौके पर स्मार्ट देहरादून सिटी लि. के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, वित्त नियंत्रक गंगा प्रसाद आदि मौजूद रहे।