एनएचएम ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम निदेशालय व जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की तर्ज पर वेतनवृद्धि समेत कई अन्य मांगों के समर्थन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों व लेखा प्रबंधकों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस बाबत ब्लॉक प्रबंधकों के प्रदेशीय संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप करने की मांग की है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत राज्य के 95 ब्लॉकों में कार्यक्रम प्रबंधक व लेखा प्रबंधक संविदा पर तैनात हैं। कर्मचारियों का कहना है कि निदेशालय व जिला स्तर पर तैनात कर्मचारियों के वेतन में बीते एक दशक में काफी बढ़ोत्तरी कर दी गई है, लेकिन ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों व लेखा प्रबंधकोें को कोई लाभ नहीं मिला है। कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन बढ़ोत्तरी के बाबत कई बार मांग उठा चुके हैं। इसके बावजूद कोई राज्य परियोजना निदेशक के अलावा अन्य स्तर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य सचिव को अवगत कराने और सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संघ के प्रदेश अध्यक्ष हर सिंह रावत, पवन कुकरेती, आनंद, धर्मेंद्र शर्मा, मदन चौहान, अतुल गोस्वामी आदि शामिल रहे।