सचिवालय कूच कर रहे शिक्षा मित्र गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सहायक अध्यापक के रूप में नियुक्ति देने की मांग को लेकर कई दिनों से शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे शिक्षा मित्रों ने शुक्रवार को सचिवालय कूच किया तो पुलिस ने धरनास्थल से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच नोक-झोंक भी हुई। देर शाम पुलिस ने सभी को रिहा कर दिया।
शुक्रवार सुबह शिक्षामित्र क्रांतिकारी महासंघ के बैनर तले शिक्षक धरनास्थल पर एकत्र हुए। प्रदेश अध्यक्ष पूर्ण सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार ने इग्नू के माध्यम से दो वर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण शुरू किया। पहले बैच के शिक्षा मित्रों को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सहायक अध्यापक के रूप में तैनाती दी गई, लेकिन उनके बैच के 900 शिक्षा मित्रों को आज तक नियुक्ति नहीं दी गई है। इसके विरोध में वह काफी दिनों से शिक्षा निदेशालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद शिक्षकों ने जैसे ही कूच का प्रयास किया पुलिसकर्मियों ने उनकी घेराबंदी कर दी।
पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर वाहन में चढ़ाना शुरू कर दिया। इसको लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से तीखी नोक-झोंक भी हुई। काफी देर तक विरोध करने के बावजूद पुलिस सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। जहां देर शाम पुलिस ने उन्हें रिहा किया करना चाहा लेकिन उन्होंने जाने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह जेल भरो आंदोलन चलाएंगे। काफी देर समझाने के बाद वह निदेशालय लौट गए। प्रदर्शन करने वालों में श्यामल मजमूदार, छिंदरपाल सिंह, अजयपाल राणा, हरि सिंह नेगी, मातबर राणा, चित्रा राणा, अरुणा वर्मा, शकुंतला राठौर, अनुराधा, जसवंती सेमवाल, सुनीता राज आदि शामिल रहे।