ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
जिले की सामान्य जाति की 625 छात्राओं को गौरा देवी कन्याधन योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। शासन ने समाज कल्याण विभाग को पत्र जारी कर योजना के लिए बजट जारी करने से इनकार कर दिया है। इससे पहले शासन ने इसी योजना में अनुसूचित-अनुसूचित जनजाति की 206 छात्राओं का बजट देने से भी मना कर दिया था।
साल 2017 में गौरा देवी कन्याधन योजना के नंदा-गौरा योजना में विलय होने से पहले साल 2016 में सामान्य जाति की 1625 छात्राओं ने जिले से योजना के तहत 50 हजार अनुदान पाने को आवेदन किया था। बजट की कमी के चलते 1000 छात्राओं को ही योजना का लाभ मिल पाया था। बजट की आस में वंचित छात्राएं समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रही थी। लेकिन अब शासन के बजट देने से इनकार करने पर उनकी उम्मीदें टूट गई हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने बताया कि शासन की ओर से जारी पत्र में विभाग को योजना के तहत कोई पैसा जारी न करने की बात कही गई है। बजट न आने की वजह से जिले की 625 छात्राओं को अब गौरा देवी कन्याधन योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा।