ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
पुलिस ने शहरवासियों से शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की है। रविवार को क्लेमेंटटाउन थाने में आयोजित गोष्ठी में क्षेत्र के अलग-अलग समुदायों के साथ चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आपसी सद्भाव और शांतिपूर्वक होली का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान पुलिस और विशेषज्ञों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने सभी थाना क्षेत्रों में होली पर्व पर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी थानों को विभिन्न समुदायों के स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने को कहा गया है। इसी कड़ी में क्लेमेंटटाउन थाने में हुई गोष्ठी में सभी से सद्भाव और जातिगत भावना से दूर रहकर होली मनाने की अपील की गई। साथ ही लोगों से नशा न कर होली मनाने को कहा गया। प्रतिनिधियों को पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के संबंध में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने प्रतिनिधियों से कहा कि अगर क्षेत्र में कोई नशा बेचता मिले तो तत्काल हमें सूचना दें। साथ ही उन्हें सीसीटीवी लगाने और उसकी उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। पुलिस अधिकारियों की ओर से थाने में तैनात स्टाफ को भी सतर्क रहने और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। गोष्ठी में विभिन्न समुदायों के 35 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।