ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
स्वच्छ सर्वेक्षण-2018 को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार की टीम जनता की राय लेने दून पहुंची। टीम ने नगर निगम के विभिन्न वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई, शौचालय, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन समेत तमाम बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। लोगों से भी बातचीत कर उनकी राय जानी।
टीम दोपहर से शाम तक शहर के तमाम जगहों पर जाकर स्वच्छता की जानकारी ली। इसके अलावा लोगों से भी स्वच्छता को लेकर फीडबैक लिया। टीम ने घंटाघर, चकराता रोड आदि इलाकों में शौचालयों की साफ-सफाई देखी। अपर नगर आयुक्त नीरज जोशी ने बताया कि टीम एक-दो दिन शहर में रहेगी और अन्य स्थानों पर जाकर फीडबैक लेगी। इसके बाद अपनी रिपोर्ट केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय को सौंपेगी।
......................
पार्षद खोल सकते हैं पोल
सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद और स्थानीय लोग स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए आई टीम से अपनी नाराजगी भी जता सकती है। पार्षद भूपेंद्र कठैत, नंदिनी शर्मा, महिपाल, ओमेंद्र भाटी समेत कई पार्षदों का कहना है कि वार्डों में सफाई व्यवस्था और दुरुस्त करने की आवश्यकता है। अभी भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन बेपटरी है। रोजाना वाहन कूड़ा उठाने नहीं पहुंच रहे हैं।