एसडीएम ने गठित की जांच कमेटी
ब्यूरो/अमर उजाला/ त्यूनी।
तहसील क्षेत्र के राजस्व ग्राम हनोल में सरकारी भूमि पर कब्जे के मामले में एसडीएम ने जांच कमेटी गठित की है। कमेटी का अध्यक्ष तहसीलदार त्यूनी को बनाया गया है। एसडीएम ने बताया कि जांच कमेटी को शीघ्र सभी तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। जांच रिपोर्ट की आख्या के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें ग्राम हनोल में खतौनी संख्या- 41 की बंजर श्रेणी में दर्ज भूमि पर कब्जे के मामले में हनोल निवासी संगीता देवी ने मुख्यमंत्री, गढ़वाल आयुक्त से शिकायत की है। आयुक्त ने भी मामले में जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। सरकारी भूमि पर कब्जे के मामले का खुलासा तब हुआ जब हनोल निवासी संगीता देवी ने निर्माणाधीन हनोल-भ्यूलाड़ा मार्ग से क्षतिग्रस्त हुए अपने मकान के मुआवजे के लिए तहसील से खसरा-खतौनी की नकल प्राप्त की। इस पर पता चला कि जिस खसरा नंबर 119 में संगीता का मकान है, उसके साथ ही तीन अन्य खसरा नंबरों 115, 117, 118 (कुल रकबा 0.2000 हेक्टेयर) को बीते साल 22 जुलाई में एक व्यक्ति ने अपने नाम दर्ज करा लिया है। संगीता देवी का आरोप है कि खतौनी संख्या- 41 में भूमि बंजर श्रेणी में दर्ज है। जिसका मालिकाना हक सरकार का होता है। इस भूमि को किसी व्यक्ति के नाम दर्ज नहीं किया जा सकता, लेकिन तहसील कर्मियों ने नियम कायदों को दर किनार कर भूमि एक व्यक्ति के नाम दर्ज कर दी है। एसडीएम का कहना है कि प्रकरण में अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल है। जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। टीम की जांच रिपोर्ट की आख्या के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।