अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
श्यामपुर क्षेत्र में अधेड़ की हत्या की गुत्थी शिनाख्त न होने के कारण उलझ गई है। जब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाती तब तक हत्याकांड का सच सामने नहीं आ सकता है। पुलिस का पूरा फोकस मृतक की शिनाख्त कराने पर ही टिका है।
रविवार को गांव कांगड़ी में पूर्वी गंगनहर पटरी ( साइफन) पर करीब 43 वर्षीय व्यक्ति की पत्थरों से पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी। घटनास्थल से खून से सने दो भारी पत्थर भी बरामद हुए थे। चेहरे और सिर पर बुरी तरह कई वार कर हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। मृतक की शिनाख्त न होने पर पुलिस के लिए हत्याकांड का खुलासा करना टेढ़ी खीर बन गई है। रविवार से लेकर सोमवार को दिन भर श्यामपुर पुलिस का फोकस केवल मृतक की शिनाख्त कराने पर ही रहा लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई।
स्थानीय पुलिस भी शिनाख्त न होने से काफी चितिंत है क्योंकि यदि शिनाख्त नहीं होती है तो हत्याकांड से पर्दा उठा पाना आसान नहीं है। एसओ प्रदीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस शिनाख्त के पूरे प्रयास कर रही है।