जोशीमठ।
सरस्वती विद्या मंदिर जोशीमठ का वार्षिकोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। समारोह में परिषदीय परीक्षाओं में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं की माताओं को कमला नेहरू सम्मान दिया गया। समारोह का शुभारंभ बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने किया। उन्होंने विद्यालयों में विज्ञान और कंप्यूटर शिक्षा पर विशेष जोर देने का आह्वान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहिणी रावत ने कहा कि जोशीमठ क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने परिषदीय परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने अभिभावकों से ऐसे बच्चों को आगे भी बेहतर माहौल देने का आह्वान किया। इस मौके पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक हासिल करने वाले 18 छात्र-छात्राओं की माताओं दीपा देवी, सुमित्रा, हेमंती, विमला, कलावती, पार्वती, विनीता भट्ट, सुशीला, उमा व कांति, लक्ष्मी, रेखा, ललिता और सतेश्वरी देवी आदि को विद्यालय परिवार की ओर से कमला नेहरू सम्मान दिया गया। इस मौके पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सीईओ बीडी सिंह, बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती आदि मौजूद थे। समारोह का संचालन प्रकाश पंवार ने किया।