अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण को ठेंगा दिखाते हुए कौरा देवी कालोनी खड़खड़ी में एक व्यक्ति ने प्राधिकरण की सील तोड़ कर अवैध रूप से फ्लैटों का निर्माण पूरा कराना शुरू कर दिया था। सूचना मिलने पर प्राधिकरण के सचिव के निर्देश पर अवर अभियंता ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण दोबारा सील कर दिया है।
प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि श्रीचंद बंसल का अवैध रूप से फ्लैटों का निर्माण पहले फरवरी में सील किया गया था। शिकायत मिली थी कि बंसल ने प्राधिकरण की सील उखाड़कर फेंक दी हैै और अवैध निर्माण दिन-रात चल रहा है। जांच करने पर शिकायत सही पाने पर निर्माण दोबारा सील कर दिया गया है। उसके विरुद्ध प्राधिकरण की सील तोड़ने का मुकदमा भी दर्ज कराने का आदेश दिए गए हैं। अवैध निर्माण करने वालों के हौंसले इसलिए बुलंद हैं क्योंकि राजनीतिक संरक्षण प्राप्त प्राधिकरण का स्टाफ डीएम और उच्चधिकारियों के आदेशों की खुली अनदेखी कर रहा है।
अपर रोड पर पालीवाल धर्मशाला के पास विशालकाय व्यावसायिक अवैध निर्माण, निरंजनी अखाड़ा रोड पर हनुमान मंदिर के पास गंगा किनारे चल रहे अवैध निर्माण तथा हरकी पैड़ी के पास डेंजर जोन पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने के आदेश पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अपर रोड का अवैध निर्माण तो अब लोकापर्ण के लिए तैयार हो चुका है। शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक रावत ने कार्रवाई के आदेश दिए थे, परंतु प्राधिकरण के जेई और एई ने इन निर्माणों की ओर से आंखें मूंद रखी हैं।