- विकासखंड कालसी के ग्राम नराया स्थित खेल मैदान में एसडीएम ने सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कालसी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार, प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत बृहस्पतिवार को विकासखंड कालसी के ग्राम नराया स्थित खेल मैदान में बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया। अध्यक्षता एसडीएम डॉ. हर्षिता सिंह ने की। शिविर के माध्यम से 514 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। इस दौरान आईं कुल 29 शिकायतों में से अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने एलोपैथिक में 113 और आयुर्वेदिक में 153 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयों का वितरण किया। कृषि विभाग ने 50 और उद्यान विभाग ने 33 किसानों को कृषि यंत्र, बीज व पीएम किसान निधि का लाभ प्रदान किया। वहीं, समाज कल्याण विभाग ने पेंशन के 14 में से 13 प्रकरणों का मौके पर समाधान किया। जिला पूर्ति विभाग ने 10 राशन कार्ड धारकों की केवाईसी और नई यूनिट दर्ज की। पंचायती राज विभाग ने किसान, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन व परिवार रजिस्टर से संबंधित पांच मामलों का निस्तारण किया। बाल विकास विभाग ने 21 किशोरी किट और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। पर्यटन विभाग ने छह, उद्योग विभाग ने 33, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों ने 14, सेवायोजन विभाग ने दो, ग्राम्य विकास विभाग ने 41, पूर्ति विभाग ने 10, उद्योग विभाग ने आठ, राजस्व विभाग ने सात आय, जाति और हिस्सा प्रमाणपत्र और पंचायती राज विभाग ने पांच जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किए। शिविर में तहसीलदार प्रदीप नेगी, खंड विकास अधिकारी जगत सिंह, सहायक विकास अधिकारी धर्मपाल सिंह तेजवान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
बहुउद्देशीय शिविर में महालक्ष्मी किट वितरित करते विधायक व अन्य: सूचना विभाग