-महाराष्ट्र से सबसे अधिक 1708 टिकट हुईं बुक
-यूकाडा ने की पारदर्शिता के लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया की समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। केदारनाथ हेली शटल सेवा के लिए 51 प्रतिशत तीर्थयात्रियों ने स्वयं ही टिकट की ऑनलाइन बुकिंग की है। महाराष्ट्र से सबसे अधिक 1708 टिकट की बुकिंग की गई। जबकि दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश से 1243 तीर्थयात्रियों ने हेली टिकट बुक कराई है।
पर्यटन व उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने आईआरसीटीसी के माध्यम की गई हेली टिकट बुकिंग में पारदर्शिता की समीक्षा की। 15 अप्रैल को शाम छह बजे से आईआरसीटीसी ने बुकिंग पोर्टल खोला था। डेढ़ घंटे के भीतर 15 जून तक की यात्रा के लिए बुकिंग फुल हो गई थी। कुल 31,450 सीटों की बुकिंग 10,855 टिकटों के माध्यम से की गई।
पर्यटन विभाग ने 565 कॉल के माध्यम से हेली टिकट बुकिंग करने वाले तीर्थयात्रियों से संपर्क किया। टिकट बुकिंग में इस्तेमाल किए गए 10,859 मोबाइल नंबरों में से 4400 नंबर वास्तविक यात्रियों के पाए गए। साथ ही लगभग 51 प्रतिशत बुकिंग स्वयं यात्रियों द्वारा की गई, शेष 49 प्रतिशत बुकिंग अन्य माध्यमों से संपन्न हुई। दिल्ली से 867, तेलंगाना से 864, कर्नाटक से 801 तथा गुजरात से 700 बुकिंग दर्ज की गईं। यूकाडा की ओर से बुकिंग प्रक्रिया में प्रति यूजर को दो बुकिंग पर अधिकतम 12 सीट बुक करने की अनुमति दी गई।