एक ओर लोग लंबी कतारों में लगकर अपनी खून पसीने की कमाई को बदलने की जद्दोजहद में लगे है, वहीं कई लोग ऐसे हैं जिन्होंने इस परेशानी के बीच भी अपनी कमाई का रास्ता निकाल लिया है।
ये लोग एक घंटे लाइन में लगकर चार हजार रुपये बदलने के एवज में 100-100 के 10 नोट ले रहे हैं। इस तरह ये लोग दिनभर में काफी पैसा कमा रहे हैं।
500, हजार के नोट बंद हुए पांच दिन हो चुके हैं लेकिन नोट बदलने की मारामारी कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। आलम यह है कि सुबह बैंक खुलने से पहले ही लोग कतार में खड़े हो जाते हैं। तमाम लोग ऐसे हैं, जिन्होंने घर बैठे नोट बदलने की तरकीब निकाल रखी है।
कई ऐसे एजेंट सक्रिय हैं, जो 20 से लेकर 25 फीसदी तक कमीशन लेकर नोट बदलने का काम कर रहे हैं। यह लोग दिन में तीन अलग-अलग शाखाओं में जाकर 12 हजार रुपये तक एक्सचेंज करके 2500 से 3000 रुपये कमा रहे हैं।