देहरादून। नगर निगम के सफाई कर्मचारी कितने लापरवाह हैं, इसकी बानगी सोमवार को अधिकारियों के औचक निरीक्षण में देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान 49 सफाई कर्मचारी नदारद मिले। नदारद सफाई कर्मचारियों में 36 स्थाई और 13 अस्थाई कर्मचारी शामिल हैं।
नगर आयुक्त ने स्थाई कर्मचारियों पर 50 रुपये का अर्थदंड लगाया है, जिसका प्रभाव उनके एश्योर्ड कॅरियर प्रोग्रेशन (एसीपी) पर पड़ेगा। जबकि, अस्थाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश जोशी, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह समेत 10 अधिकारियों ने अलग-अलग वार्डों में औचक निरीक्षण किया। इसमें सर्वाधिक 14 कर्मचारी नेहरू कॉलोनी वार्ड में नदारद पाए गए। इसके अलावा कौलागढ़, वाणी विहार वार्ड में छह-छह कर्मचारी, पूर्वी पटेलनगर में पांच, आर्यनगर, श्रीदेवसुमन नगर, रिस्पना वार्ड में चार-चार कर्मचारी फील्ड में नहीं मिले। वहीं, सरस्वती विहार, खुड़बुड़ा, इंदिरा नगर में दो-दो कर्मचारी नदारद पाए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा।