चारधाम यात्रा के दौरान बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए जीवीके ईएमआरआई 108 आपातकालीन सेवा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्राकाल में पूरे मार्ग पर आठ अतिरिक्त समेत कुल 49 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी।
108 आपातकालीन सेवा के स्टेट हेड मनीश टिंकू ने बताया कि चमोली के बदरीनाथ व पांडेश्वर, रुद्रप्रयाग के वासुकेदार, फाटा व सोनप्रयाग, उत्तरकाशी के हर्षिल (गंगोत्री) व रानीचट्टी (यमुनोत्री) और टिहरी के कांडीखाल में अतिरिक्त एंबुलेंस वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। इसके जरिये सड़क दुर्घटना, श्वास संबंधी परेशानी, रक्तचाप और किसी अन्य तरह की आपातकालीन स्थिति में त्वरित मदद उपलब्ध कराने में सहयोग मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आठ वर्ष पूर्व 2008 में पहली बार शुरू की गई सेवा में 10 वाहन लगाए गए थे। चारधाम यात्रा मार्ग से लगे सात जिलों में 41 वाहन पहले से तैनात हैं। यात्रा अवधि में इनकी संख्या बढ़कर 49 कर दी जाएगी।