देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकार की मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना उनके सपनों को पंख लगाएगी। योजना के तहत 4700 युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। प्रभारी उच्च शिक्षा निदेशक आनंद सिंह उनियाल के मुताबिक योजना के तहत इस साल 11 हजार से अधिक युवाओं को कोचिंग दिए जाने का लक्ष्य है।
प्रभारी उच्च शिक्षा निदेशक के मुताबिक योजना के माध्यम से युवाओं को आईएएस, पीसीएस, एनडीए, बैंकिंग और रेलवे समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इसमें 1000 युवाओं को एनडीए व सीडीएस, 1500 को आईएएस, पीसीएस, 2200 को बैंक और रेलवे की तैयारी कराई जा रही है। इसके बाद नेट, गेट, कैट व मैट की भी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत युवाओं को उनकी रुचि और लक्ष्य के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री धामी ने पिछले महीने शुरू की थी योजना
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले महीने आठ सितंबर को इस योजना का शुभारंभ किया था। बताया गया है कि एनडीए व सीडीएस की कोचिंग एनसीसी के बी और सी प्रमाण पत्र धारक युवाओं को दी जा रही है।