देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रशिक्षण कार्यक्रम से गायब 47 कार्मिकों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस जारी किए हैं। उन्हें आगामी प्रशिक्षण सत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
ओएनजीसी के सभागार में बृहस्पतिवार को कुल 996 कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत बीर सिंह बुदियाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को 307 पीठासीन, 312 मतदान अधिकारी प्रथम और 310 मतदान अधिकारी द्वितीय के लिए कर्मचारी उपस्थित हुए। जबकि पीठासीन अधिकारी के लिए 332, मतदान अधिकारी प्रथम के लिए 332 और मतदान अधिकारी द्वितीय के लिए 332 कर्मचारियों को प्रशिक्षण में आना था। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि अगले प्रशिक्षण सत्र में भी कर्मचारी अनुपस्थित रहते हैं तो उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।