सेवा योजन कार्यालय में लगे रोजगार मेले में फार्म भरते युवक ।
सेवायोजन कार्यालय की ओर से शनिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें आठ कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए। मेले में 425 युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 16 को ही नियुक्ति-पत्र दिए गए, जबकि 178 अभ्यर्थियों को द्वितीय साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया।
सुबह दस बजे से सेवायोजन कार्यालय में युवक-युवतियों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। विभिन्न पदों के लिए युवक-युवतियां संबंधित कंपनी के कक्ष में पहुंचने शुरू हुए। कई कंपनियों ने मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयनित युवक-युवतियों को नियुक्ति-पत्र दे दिए। जबकि अधिकांश कंपनियों ने प्रथम चरण का साक्षात्कार लेकर चयनित युवाओं को द्वितीय साक्षात्कार में हिस्सा लेने को कहा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान ने कहा कि 153 युवाओं को कौशल विकास कोर्स के लिए भी चुना गया है, जिन्हें तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद कंपनी इन्हें प्लेसमेंट भी देगी। मेले में एलआईसी, सोलर पैनल इंस्टॉलेशन, एयर लाइन कैबिन क्रू, वेल्डर एवं इलैक्ट्रीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, सेल्स एंड सर्विस सेक्टर की 8 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी विनीता बडोनी, धीर सिंह व अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सेवा योजन कार्यालय में लगे रोजगार मेले में बैठे युवक युवतियां ।
सेवा योजन कार्यालय में लगे रोजगार मेले में बातचीत करती युवतियां ।