कालसी विकासखंड के खणी और कुईथा में कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। 42 परिवारों को प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कालसी स्थित जल संस्थान पहुंच कर अधिशासी अभियंता को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
ग्रामीणों ने कहा कि नई पेयजल योजना के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक लाइन बिछाने का काम शुरू नहीं किया गया है। समाजसेवी भीम दत्त वर्मा ने कहा कि पानी की समस्या को लेकर पूर्व में ग्रामीण कई बार विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
ग्रामीण आधा किमी दूर स्थित प्राकृतिक स्रोत से पानी ढो रहे हैं। जिस कारण रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। कहा कि गांव के लिए योजना स्वीकृत है, लेकिन विभाग निर्माण कार्य शुरू नहीं करा रहा है। सहायक अभियंता राजेश नरवाल ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। जेई से जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में खजान सिंह, संतराम, पूरण सिंह, नीरज भट्ट, कपिल भट्ट, स्वराज भट्ट, चतर सिंह, सन्नी शर्मा, राहुल, बलवीर सिंह शामिल रहे।