ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
ग्राफिक एरा में शुक्रवार को ग्राफेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को बॉलीवुड गायकों ने धमाल मचाया। इस दौरान पंजाबी गायक हार्डी संधू और गायिका नीति मोहन के गीतों का जादू युवाओं पर खूब चला।
ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के मैदान में चल रहे ग्राफेस्ट में दोनों गायकों ने हिंदी व पंजाबी के गाने से युवाओं का मन मोह लिया। हार्डी संधू ने तेरा मुखड़ा चांद दा टुकड़ा नी तेरी ऐनक, तेरा शू क्या बात आए, नी तेरा काजल करदे पागल हिप्नोटाइज... गाकर माहौल खुशनुमा बना दिया। इसके अलावा हार्डी ने कुड़ी मैंनू कैंदी मैंनू जूती लै दे सोणियां, अरे ना गोरिये अरे ना गोरिये, ना ना ना गोरिये और ओ मेरी लेडी गागा दिल तेरे पीछे भागा, ना सोया ना ये जागाए इश्क है ताजा ताजा आ जा जैसे गाने गाकर युवाओं को खूब नचाया। इससे पहले कलंक, बाहुबली फिल्म के गीतों में आवाज देने वाली गायिका नीति मोहन ने भी खूब समा बांधा। नीति ने कार्यक्रम की शुरुआत अपने लोकप्रिय गाने तेरी मेरी रातों ने किए हैं कुछ इरादे, मिली हैं जो अब ये मुलाकातें, कोई जादू होने को है... से की। इसके बाद चली रे चली रे जुनून को लिए..., नैना मोरे तरस गए आजा बालम परदेसी..., तूने मारी एंट्रियां, दिल में बजी घंटियां... आदि गाने गाए। इस दौरान तकनीकी, प्रबंधकीय और सांस्कृतिक प्रतिभा से जुड़ी स्पर्धाएं भी चलती रहीं। सांस्कृतिक मुकाबलों के बीच भीमताल परिसर के छात्र-छात्राओं ने मूक नाटिका के जरिये पुलवामा के आतंकवादी हमले का चित्रण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।