चुनावी खर्च पर रहेगी निर्वाचन आयोग की नजर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 के दौरान तमाम राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के चुनाव खर्च पर नजर रखने के लिए व्यय समितियों का गठन कर दिया गया है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने लेखा, वीडियो निगरानी, वीडियो अवलोकन टीमों का भी गठन कर दिया गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों द्वारा चुनाव के दौरान किए जाने खर्च पर निगरानी के लिए मुख्य कोषाधिकारी नरेंद्र सिंह नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सुनील कुमार रतूड़ी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा लेखा टीमों, वीडियो निगरानी टीमों, वीडियो अवलोकन टीमों, उड़न दस्तों और स्थैतिक निगरानी टीमें का भी गठन किया गया है।
दूसरी ओर तमाम टीमों में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों को नोडल अधिकारी एवं मुख्य कोषाधिकारी नरेंद्र सिंह की ओर से नगर निगम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में चुनावी खर्च का हिसाब किताब रखने की जानकारी दी गई।
मुख्य कोषाधिकारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी टीमों में शामिल अधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता के साथ ड्यूटी करें। प्रशिक्षण के दौरान जो भी जानकारियां दी जा रही हैं, उनका अनुपालन कराया जाए। प्रशिक्षण में नोडल अधिकारी और सहायक नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय के अलावा राजीव गुप्ता उप कोषाधिकारी चकराता, सहायक लेखाकार भरत सिंह, प्रदीप कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सैय्यद वसीम समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।