ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
करीब एक वर्ष बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने से आक्रोशित 424 संविदा परिचालकों ने सोमवार को परिवहन निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जल्द नियुक्ति नहीं मिलने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यालय पर सोमवार को बीते साल चुने गए 424 संविदा परिचालक एकत्र हुए थे। संविदा परिचालकों का कहना था कि बीते वर्ष 12 फरवरी को संविदा परिचालकों का रिजल्ट जारी हुआ था, लेकिन 27 मार्च 2018 को मुख्य सचिव की ओर से सभी विभागों में भर्ती न किए जाने का आदेश जारी किया गया था। इसके चलते भर्ती प्रक्रिया रोक दी गई थी। इसके बाद से सभी संविदा परिचालक का भविष्य अधर में लटक गया है। उधर, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के विपिन बिजल्वाण के नेतृत्व में सभी संविदा परिचालक परिवहन सचिव शैलेश बगौली से मिले। परिवहन सचिव ने मुख्य सचिव से वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर पंकज तिवाड़ी, कुनाल, राहुल कुमार, रईस, अनुल, संदीप रावत, पंकज भंडारी, पुष्पा देवी आदि मौजूद रहे।