ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी नहीं देने, ईपीएफ जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से आंदोलनरत लोक निर्माण विभाग के आउट सोर्सिंग कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रमुख अभियंता कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रमुख अभियंता के आश्वासन पर कर्मचारियों ने 15 दिन के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया। वहीं मांगों का समाधान नहीं होने पर मुख्यमंत्री आवास कूच करने की चेतावनी दी है।
आउट सोर्सिंग कर्मचारी संघ (लोनिवि) से जुड़े कर्मचारी शुक्रवार को प्रांतीय अध्यक्ष जयेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रमुख अभियंता के कार्यालय पहुंचे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि निजी ठेकेदार मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा ईपीएफ जैसे मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। इसी बीच धरना-प्रदर्शन में पहुंचे प्रमुख अभियंता मुख्यालय लोनिवि सत्येंद्र शर्मा ने ज्ञापन लिया और मांगें जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने 15 दिन के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया। हालांकि आउट सोर्सिंग कर्मचारी संघ ने 15 दिन में मांगों का हल नहीं निकलने पर मुख्यमंत्री आवास कूच की चेतावनी दी है। धरना प्रदर्शन में इंटक प्रदेश अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री बनवारी लाल, पंचम सिंह, रामकुमार, सुबोधकांत आदि शामिल रहे।