नई टिहरी। नगर क्षेत्र नई टिहरी में पिछले एक सप्ताह से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। बीती रात को केंद्रीय विद्यालय के निकट खड़ी एक बाइक से चोर बैटरी, टूल उपकरण चुरा ले गए। इसके अलावा उन्होंने बाइक से तोड़फोड़ कर तेल भी चोरी कर दिया। घटना से लोगों में आक्रोश है। इससे पूर्व भी मोहल्ले से बाइक चोरी हो चुकी है। साथ ही तेल चोरी की घटनाएं भी बढ़ती जा रही है। जे ब्लॉक में खड़ी बाइकों से भी रात को चोर पेट्रोल उड़ा ले गए। स्थानीय निवासी रविंद्र सेमवाल, यशपाल मिश्रवाण, पूर्व सभासद चिंरजीव तिवारी ने पुलिस प्रशासन से रात्रि में गश्त बढ़ाने और चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। इस बाबत प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रमेश कुमार सैनी ने कहा कि चोरी की छानबीन की जा रही है। रात्रि गश्त को आठ टीमें बनाई गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा।