ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बंगलूर में हुई सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने दो गोल्ड और एक कांस्य पदक जीत कर राज्य का नाम रोशन किया है। 27 नवंबर से दो दिसंबर तक बंगलूर में हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में उत्तराखंड की अदिति भट्ट ने फाइनल में कर्नाटक की जाननी अनंत कुमार को 17-21, 21-15 व 21-17 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। अंडर-15 बालक युगल वर्ग में शिवम व प्रणव की जोड़ी ने तमिलनाडु के एस सिंह व साई की जोड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-15 बालिका युगल वर्ग में उत्तराखंड की अन्या चौहान की जोड़ी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। विजेताओं की इस उपलब्धि पर उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के उपाध्यक्ष बीएस मनकोटी व कोच डीके सेन, लोकेश नेगी ने बधाई दी है।
टाटा ओपन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन ने जीता सोना
देहरादून। उत्तराखंड के शटलर लक्ष्य सेन ने मुंबई में आयोजित टाटा ओपन इंटरनेशनल टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। फाइनल में लक्ष्य का मुकाबला थाईलैंड के कुनलावुत के बीच हुआ। इसमें लक्ष्य ने कुनलावुत को 21-15 व 21-10 से हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में लक्ष्य ने थाईलैंड के ही कांतावत को 17-21, 21-9 व 21-12 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।