ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
बीते मंगलवार को चुनावी खर्च का ब्योरा नहीं देने पर प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए। इसमें अध्यक्ष पद के चार और सभासद पर के 45 प्रत्याशी शामिल हैं। अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी मेघ सिंह कंडारी, लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी बिल्लू वाल्मीकि, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुमित और निर्दलीय प्रत्याशी पूरण सिंह रौछेला को चुनावी खर्च का ब्योरा नहीं देने पर नोटिस जारी किया गया।
बुधवार को निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार सैनी ने बताया कि बीते मंगलवार को कचहरी स्थित उपकोषागार कार्यालय में अध्यक्ष और सभासद पद के प्रत्याशियों को चुनावी खर्च का ब्योरा देना था, लेकिन अब तक मात्र 14 प्रत्याशियों ने ही चुनावी खर्च का ब्योरा दिया है। जबकि, 4 अध्यक्ष और 45 सभासद प्रत्याशियों ने तय समय सीमा पर चुनावी खर्च का ब्योरा नहीं दिया।
वहीं, एसडीएम मीनाक्षी पटवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 6 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिसमें एक निर्दलीय प्रत्याशी अनुज गुप्ता और भाजपा प्रत्याशी ओपी उनियाल ने ही चुनावी खर्च का ब्योरा दिया है।