ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
पश्चिमी बंगाल के आसनसोल के सांसद बाबुल सुप्रियो द्वारा दिव्यांगों के लिए अभद्र टिप्पणी कर दिए जाने से गुस्साए लक्सर क्षेत्र के दिव्यांगों ने तहसील पहुंचकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी व लक्सर कोतवाली पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के आसनसोल में मंगलवार को दिव्यांगों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने मुख्य अतिथि के रुप में भाग लिया था, लेकिन जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ तो केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो आपा खो बैठे तथा उन्होंने वहां बैठे एक व्यक्ति को पैर तोडने की धमकी दे डाली। केंद्रीय सांसद के दिव्यांगजनों पर अभद्र टिप्पणी पर जनदिव्यांग सहायता मंच के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि भाजपा सरकार को चाहिए कि ऐसे मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाएं। क्योंकि जिस केंद्रीय मंत्री को यह तक इतना भी सलीखा नहीं है की दिव्यांगों के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए। उन्हें मंत्री रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही केंद्रीय सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तथा उसने दिव्यांगजनों से अपनी अभद्र टिप्पणी के बदले माफी नहीं मांगी तो लक्सर क्षेत्र के ही नहीं बल्कि भारत देश के तमाम दिव्यांगजन एकजुट होकर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की। इस मौके पर जन दिव्यांग सहायता मंच के अध्यक्ष चौधरी अरुण कुमार, दाबकी सहकारी समिति के चेयरमैन विशाल चौधरी, विपिन, कल्लू, दिग्विजय, सत्येंद्र राणा, सतीश कुमार, शिवदास, बबलू सैनी आदि अनेक शामिल रहे।