ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
मंडी के कुंए से अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को लघु व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामा के चलते टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
ज्वालापुर में मंडी के कुंए के आसपास नगर निगम की भूमि पर अस्थाई रूप से खोखे लगाकर कई लोग रोजगार चला रहे कई लोगों के खोखे नगर निगम ने हटवा दिए थे। बेरोजगार हुए लघु व्यापारियों ने नगर निगम से स्थायी जगह उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे। लेकिन कुछ लोगों ने मंडी के कुंए के आसपास ठेली आदि लगाकर अपना रोजगार शुरू कर दिया था। इस बीच शिकायत मिलने पर सोमवार की शाम को नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ दस्ता पुलिस को साथ लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचा। वहां अफरातफरी मच गई। लघु व्यापारियों के समर्थन में पूर्व सभासद हाजी इरफान असांरी के नेतृत्व में लोगों ने हंगामा करते हुए टीम का घेराव किया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और टीम को लौटने पर मजबूर कर दिया। इरफान अंसारी ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी लघु व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। राज्य फेरी नीति लागू करने के बजाय लघु व्यापारियों का रोजगार उजाड़ने का काम किया जा रहा है। विरोध करने वालों में तबरेज अंसारी, अफजल अल्वी, इखलाक अंसारी, जावेद अंसारी, जोनी अंसारी, सोहेल, फैज आलम, अफजाल, नसीम खान, अथर अंसारी आदि शामिल रहे।