सरकारी डॉक्टरों को देना होगा कार्य का ब्यौरा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। स्वास्थ्य महानिदेशक ने मंगलवार को प्रेमनगर सीएचसी और कोरोनेशन अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि सीएचसी, पीएचसी प्रभारियों को अब प्रतिदिन देखे गए मरीजोें का ब्यौरा मुहैया कराना होगा। इसके अलावा प्रसव और सर्जरी की भी जानकारी निदेशालय को देनी होगी।
मंगलवार को सुबह स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत विभागीय अफसरों के साथ प्रेमनगर सीएचसी पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान कम मरीज देखने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान सीएमएस ने उन्हें बताया कि अस्पताल में एनेस्थिीशिया विशेषज्ञ नहीं होने की वजह से दिक्कतें आ रही। इस पर उन्होेंने आश्वासन दिया कि अस्पताल में जल्द ही एनेस्थिीशिया विशेषज्ञ की तैनाती की जाएगी।
इसके बाद डॉ. पंत ने कोरोनेशन अस्पताल का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में कुछ खामियां पाए जाने पर उन्होंने सीएमएस डॉ. एलसी पुनेठा को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य महानिदेशक ने बताया कि अस्पतालों में तैनात सर्जन को सर्जरी और स्त्री रोग विशेषज्ञों को एक माह में कराए गए प्रसव की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा अस्पतालों में ओपीडी, एक माह में लिए गए कुल एक्स रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन एवं अन्य पैथोलॉजी जांच के बारे में जानकारियां मांगी गईं हैं। वहीं निरीक्षण के दौरान स्टाफ में हड़कंप की स्थिति रही है।