ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड पुलिस ने कारपोरेट क्रिकेट लीग 2018 के फाइनल में उत्तरांचल पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को 10 विकेट से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत ने विजेता व उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
सोमवार को तनुष क्रिकेट एकेडमी में आयोजित फाइनल में यूपीसीएल की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 96 रन पर ढ़ेर हो गई। टीम के लिए संजय ने सबसे अधिक 28, गौरव ने 26 और देवेंद्र ने 17 रन बनाए। पुलिस के शब्दर ने तीन और अनूप चन्दोला व जितेंद्र ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी उत्तराखंड पुलिस की टीम के ओपनरों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 10.5 ओवर में 10 विकेट से जीत दिला दी। योगेंद्र ने 36 गेंदों में ताबड़तोड़ 67 और राजन कुमार ने 33 रन बनाए। शानदार गेंदबाजी के लिए पुलिस के शब्दर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संतोष कश्यप, वर्तिका सेमवाल, रजनीश कुमार, आकाश शर्मा, अंकित शर्मा, प्रेमलता चौहान, ओमप्रकाश, निर्मला, सुशीला समेत अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।