जूही प्रजापति/अमर उजाला, देहरादून
प्रदेशभर के शहरों से सटे क्षेत्रों में रहने वाली जनता को आने वाले दिनों में भरपूर पानी मिलेगा। प्रदेश के ऐसे 35 इलाकों में शहरों की तरह 135 लीटर प्रतिव्यक्ति प्रतिदिन पानी मुहैया कराने के लिए पेयजल योजनाएं तैयार की जाएगी। पेयजल निगम और जल संस्थान के प्रस्ताव पर वर्ल्ड बैंक ने 975 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी दे दी है। विभागों की ओर से डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। पांच डीपीआर को मंजूरी के लिए राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन (एसडब्ल्यूएसएन) को भेजा गया है। डीपीआर को मंजूरी मिलने पर योजना के कार्य शुरू किए जाएंगे।
प्रदेश के चार जिलों के अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में बेहतर पेयजल व्यवस्था बनाने को जनवरी 2017 में पेयजल निगम और जल संस्थान ने 35 योजनाओं का प्रस्ताव बनाकर 975 करोड रुपये के बजट की मंजूरी के लिए वर्ल्ड बैंक को भेजा था। पेयजल निगम के मुख्य अभियंता वीसी पुरोहित के मुताबिक वर्ल्ड बैंक से बजट की मंजूरी दे दी गई है। योजनाओं के निर्माण में 780 करोड़ रुपये वर्ल्ड बैंक की ओर से खर्च किए जाएंगे, जबकि 195 करोड़ रुपये राज्य सरकार खर्च करेगी। बताया कि छह साल में योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। जल संस्थान देहरादून क्षेत्र की दस योजनाओं का निर्माण करेगा, बाकी 25 योजनाओं का निर्माण पेयजल निगम करेगा। योजनाओं का काम शुरू करने के लिए डीपीआर बनानी शुरू कर दी है। डीपीआर पास होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
...........................
1.03 लाख कनेक्शन दिए जाएंगे
अर्द्धनगरीय क्षेत्रों में इन योजनाओं के काम पूरे होने पर एक लाख तीन हजार 244 कनेक्शन दिए जाएंगे, योजनाओं से पांच लाख 16 हजार 222 लोगों को फायदा होगा। पेयजल निगम के मुख्य अभियंता वीसी पुरोहित ने बताया कि योजनाओं में ओवरहेड टैंक, नलकूप, पानी की लाइन बिछाने आदि का काम किया जाएगा।
.................................
.....................
इन इलाकों में तैयार होंगी योजनाएं
जिला अर्द्धनगरीय क्षेत्र
टिहरी ढालवाला
पौड़ी पदमपुर, काशीरामपुर
देहरादून हरिपुर कलां, जीवनगढ़, सेंट्रल होपटाउन, रायपुर, नत्थनपुर, मेहूंवाला माफ ी, नथुवावाला, ऋषिकेश देहात, गुमानीवाला, प्रतीतनगर, खर्क माफ ी।
हरिद्वार सैदपुरा, भंगेरी मैहबतपुर, नागला इमरती, ढंढेरा, मोहनपुर मोहम्मदपुर, रावली महदूद, बहादराबाद, जगजीतपुर।
नैनीताल फ तेहपुर रेंज, मुखानी, हल्द्वानी तल्ली, बिटोरिया नंबर एक, कुसुमखेड़ा, बमोरी तल्ली बंदोबस्ती, गौजाजली उत्तर।
ऊधमसिंह नगर उमरउ खुर्द, महोलिया, बंडिया, कंचल गुसाईं, नगला।
अल्मोड़ा खतियाड़ी।
बयान::
वर्ल्ड बैंक को 35 योजनाओं का प्रस्ताव गत वर्ष जनवरी में भेजा था। अब वर्ल्ड बैंक की ओर से इन योजनाओं पर स्वीकृति दे दी गई है, जिसके बाद डीपीआर तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही योजनाओं का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- वीसी पुरोहित, मुख्य अभियंता, पेयजल निगम