ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
उक्रांद ने प्रदेश सरकार पर फर्जी नियुक्तियों का आरोप लगाते हुए इनकी सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है। कहा कि सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ खिलवाड़ कर रही है। सीबीआई जांच न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बुधवार को उक्रांद कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर उक्रांद महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि हाल ही में ऊर्जा निगम और पिटकुल में 252 अवर अभियंताओं की भर्ती में रुड़की के जीनियस कोचिंग सेंटर से 66 अभ्यर्थियों के पास होने, उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय की ओर से कराई गई 19 मेडिकल ऑफिसरों नियुक्ति प्रक्रिया में पेपर लीक होने, परीक्षा के दो घंटे में रिजल्ट अपलोड किए जाने से सरकार का बेरोजगार युवाओं के प्रति असंवेदनशील चेहरा सामने आया है। आरोप लगाया कि बेरोजगारों से फार्म के नाम पर दो हजार रुपये लेकर विवि और रिक्त पदों पर भर्ती कराने को नेता 15 से 20 लाख रुपये लेकर लूट मचा रहे हैं।
कहा कि जल्द ही उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय तथा ऊर्जा भवन में धरना प्रदर्शन करके भ्रष्टाचारी अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ नेता लताफत हुसैन, केंद्रीय सचिव धर्मेंद्र कठैत आदि मौजूद थे।
........................