गोशाला में लगी आग, 16 मवेशी जिंदा जले
ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
चकराता तहसील के म्यूंडा गांव में गोशाला में आग लगने से 16 मवेशियों की जलकर मौत हो गई। आग से आवासीय गोशाला पूरी तरह से तबाह हो गई। पीड़ित ने तहसील प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है। आशंका जताई जा रही कि कुछ ही दूरी पर स्थित जंगल में आग लगी हुई थी, जिसकी चिंगारी किसी तरह गोशाला तक पहुंच गई, जो हादसे का कारण बनी।
चकराता तहसील के म्यूंडा गांव निवासी प्रधान टीकम सिंह की दो मंजिला गोशाला गांव से करीब डेढ़ किमी दूर स्थित गडार छानी नामक स्थान पर है। प्रधान टीकम सिंह के अनुसार पशुुओं को जंगल में चुगाने के बाद वह रोज की तरह गोशाला में बंद कर घर चले गए। प्रधान टीकम सिंह रविवार सुबह करीब सात बजे गोशाला में पहुंचे तो वहां का नजारा दंग रह गए। आग से गोशाला बुरी तरह से तहस-नहस हो चुकी थी। गोशाला की छत देवदार की लकड़ी की थी, जिसके चलते आग तेजी से भड़की। टीकम सिंह के अनुसार आग से गोशाला में बंधीं चार दुधारू गायें, चार बछड़े, चार बैल और चार बकरियों की मौत हो गई है। इसके अलावा गोशाला में रखे बर्तन, कपड़े और अनाज भी जल गया। प्रधान ने इसकी जानकारी तहसील प्रशासन को दी है। तहसीलदार कुंवर सिंह नेगी ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक को मौके पर भेजा गया है। प्रथमदृष्टतया यह आशंका जताई जा रही कि गोशाला से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में आग लगी हुई थी, जिसकी चिंगारी से गोशाला में आग भड़क गई। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट तैयार का उपजिलाधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।