पथरी। कनखल क्षेत्र के गांव मिस्सरपुर में श्मशान भूमि के पास गंगा की मुख्य धारा में नहा रहे तीन किशोर तेज बहाव की चपेट में आ गए। दो जैसे तैसे बच गए जबकि तीसरा डूब गया। दिनभर जल पुलिस रॉफ्ट से किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह करीब दस बजे पुलिस सिटी कंट्रोल रूम में एक किशोर के डूबने की सूचना दी गई। चौकी प्रभारी डीपी काला मौके पर पहुंचे। आनन फानन में जल पुलिस को बुलाया गया। जल पुलिस ने काफी देर तक किशोर को तलाश किया, लेकिन कुछ अता पता नहीं चल सका। चौकी प्रभारी डीपी काला ने बताया कि अमित पुत्र सौराज, मुकुल पुत्र राजेंद्र और आशीष पुत्र नीरज सुबह के समय गंगा में नहाने गए थे। ये तीनों ही डूबने लग गए थे। जैसे तैसे अमित और मुकुल बाहर निकल आए, लेकिन आशीष (17) डूब गया। उन्होंने बताया कि रॉफ्ट की मदद से जल पुलिस ने किशोर की काफी तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इधर, किशोर के डूबने से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण ही परिजन को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।