बीरोंखाल। लोक निर्माण विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते बीरोंखाल ब्लाक में स्वीकृत 10 किमी नागर्जाखाल - नौलापुर मोटर मार्ग पर आज तक काम शुरू नहीं हो सका है। क्षेत्रीय लोगों को सड़क का पिछले 11 वर्षों से इंतजार है, लेकिन बजट आने के बाद भी विभाग सड़क निर्माण को लेकर आंखें मूूंदे हुए है। लोग दस किमी. पैदल चलने को मजबूर हैं।
क्षेत्रीय ग्रामीणों की मांग पर सरकार ने वर्ष 2006 में ग्रामपंचायत नार्गजाखाल, सिंदुडी, खेतू, केदारगली, नौलापुर की सैकड़ों की आबादी के लिए दस किमी. सड़क स्वीकृत की थी, जिसमें मार्ग में पड़ रहे पेड़ों और सड़क के कटान के लिए विभाग को पहली किस्त के रूप में करीब 36 लाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए थे, लेकिन, आज तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
स्थानीय नागरिक डा. बिहारीलाल जलंधरी, हर्षपाल सिंह, सुधीर सिंह, सुनीता देवी, रोशनी देवी, संजय धौलखंडी ने लोक निर्माण विभाग पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि उनके अथक प्रयासों से सरकार ने ब्लाक के इस अतिदुर्गम क्षेत्र के लिए सड़क स्वीकृत की थी। विभाग को धन भी उपलब्ध करा दिया, लेकिन सड़क पर काम नहीं हो रहा है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी विभाग के अधिकारी आश्वासन देकर अपने कर्तव्यों से मुंह मोड़ रहे हैं। सड़क नहीं होने के कारण उन्हें मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए करीब दस किमी पैदल चलना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। उधर, पीडब्लूडी बैजरो के सहायक अभियंता श्यामलाल गोयल ने माना कि उनके पास सड़क निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में करीब 36 लाख रुपये मिल चुके हैं, शीघ्र सड़क पर कार्य शुरू किया जाएगा।