कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों को परेशानियों से बचाने के लिए गंगनहर पटरी मार्ग पर सामान्य आवागमन पूर्ण से प्रतिबंधित किया जाएगा। इसके लिए कांवड़ पटरी मार्ग को जीरो जोन घोषित किया जाएगा।
शनिवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसपी देहात मणिकांत मिश्रा कांवड़ की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। जिसमें पुलिस चौकी प्रभारियों से लेकर थानाध्यक्ष, कोतवाल एवं सीओ मौजूद थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लापरवाही किसी भी हातल में सहन नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारी कांवड़ मेले की सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर लें। एसपी देहात ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर बिजली के तारों को देख लें। अगर कहीं तार लटक रहे हैं तो उन्हें ऊर्जा निगम के अधिकारियों से मिलकर ऊपर उठवाएं। उन्होंने कहा कि भंडारे की व्यवस्थाएं एवं जगह भी अभी से चिहिन्त कर ली जाएं। पुलिस के अधिकारी कांवड़ मार्ग पर यह अभी से देख लें कि कहीं गुल्लर के पेड़ तो नहीं हैं, अगर हैं तो उनको कटवाने का कार्य किया जाए, ताकि कांवडिय़ों को यात्रा करने में कोई दिक्कत न हो। इस मौके पर सीओ मंगलौर परीक्षित कुमार, सीओ लक्सर सिंह बिष्ट, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल, कोतवाल गंगहर अमरचंद शर्मा, कोतवाल मंगलौर जवाहर लाल, झबरेड़ा थानाध्यक्ष सुखपाल सिंह, थानाध्यक्ष भगवानपुर भगवान मेहर, बुग्गावाला एसओ एनके बचकोटी, पिरान कलियर एसओ देवराज शर्मा, नारसन चौकी प्रभारी मदन मोहन भट्ट, यातायात निरीक्षक उपेंद्र सिंह, नरेश आदि मौजूद रहे।