राजधानी में शुक्रवार को नासिक से 400 कुंतल प्याज पहुंचा लेकिन अभी कीमतों में राहत नहीं मिली है। नासिक से थोक में 80-85 रुपये प्रति किलो में प्याज मिल रही है जो बाजार में 120 से 140 रुपये किलो तक बिक रही है। हालांकि आपूर्ति बढ़ने के चलते अगले कुछ दिन में कीमतें कम होने का अनुमान है।
शहर क्षेत्र में प्याज की कीमतों में कमी नहीं आ रही है। हालांकि नासिक से प्याज की आपूर्ति बढ़ने के बाद मंडी अधिकारियों और कारोबारियों ने राहत की सांस ली है। मंडी सचिव विजय थपलियाल ने बताया कि शुक्रवार को कुल 400 कुंतल प्याज पहुंचा है। नासिक से करीब 70 फीसदी प्याज की आपूर्ति होती है। उन्होंने बताया कि अलवर और इंदौर से भी प्याज पहुंच रहा है। थोक में कीमतें कम होने पर बाजार में भी कीमतों में कमी आ सकती है।
व्यापारी नहीं मंगाने को तैयार
निरंजनपुर मंडी के व्यापारी कम मात्रा में ही प्याज मंगा रहे हैं। मंडी सचिव विजय थपलियाल से बातचीत में व्यापारियों ने बताया कि प्याज की कीमतों में अगले कुछ दिन में कमी आ सकती है। ऐसे में अगर वह महंगे दाम पर प्याज मंगा देंगे और कीमतें गिरेगी, तो उन्हें नुकसान झेलना पड़ सकता है।
सब्सिडी पर प्याज बेचेगी सरकार
लोगों को राहत देने के लिए राज्य सरकार प्याज पर सब्सिडी दे सकती है। मंडी और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की व्यापारियों से हुई वार्ता के दौरान इसके संकेत मिले। व्यापारियों ने साफ कर दिया कि थोक में नासिक की प्याज 85 रुपये प्रति किलो से कम नहीं मिल रही है। ऐसे में वो कम कीमत पर मंडी या विभाग को उपलब्ध नहीं करवा सकते हैं।
मंडी अधिकारियों ने सुझाव दिया कि व्यापारियों से थोक कीमत पर प्याज खरीदकर 10 से 15 रुपये प्रति किलो की सब्सिडी देते हुए ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे ग्राहकों को 70 से 75 रुपये किलो प्याज मिल जाएगा। वहीं, सब्सिडी के रूप में सरकार व्यापारियों को प्रति किलो 10 से 15 रुपये का भुगतान कर सकती है। अधिकारियों के इस सुझाव पर व्यापारियों ने भी सहमति जताई।