केदारनाथ धाम को 3 जी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए फाटा से आगे ऑप्टिकल फाइबर लाइन बिछाने का जिम्मा बीएसएनएल को सौंपा गया है। इस संबंध में बीएसएनएल के अधिकारियों से मुख्य सचिव एन रविशंकर की बैठक भी हो चुकी है।
केदारनाथ धाम के लिए फाटा तक 3 जी नेटवर्क की सुविधा है। इससे आगे मोबाइल कनेक्टिविटी बेहद कमजोर है। बीएसएनएल मौसम ठीक होते ही लाइन बिछाने का काम शुरू कर देगा।
केदारनाथ में 3 जी सेवा शुरू होने पर आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं तो मजबूत होंगी बल्कि रियल टाइम वीडियो डाटा भी वहां से एकत्रित किया जा सकेगा। हालांकि, धाम में आपदा प्रबंधन सहित अन्य एजेंसियों के पास सेटेलाइट फोन है, लेकिन इसका दायरा बेहद सीमित है। आपदा से सबक लेकर सरकार वहां दूरसंचार सेवाएं मजबूत करने के उद्देश्य से यह कदम उठा रही है।
श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
ऑप्टिकल फाइबर बिछने से वहां मोबाइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिसका सीधे तौर पर श्रद्धालुओं को फायदा होगा। आपदा के दौरान भी कनेक्टिविटी कमजोर होने के चलते कई श्रद्धालुओं से संपर्क नहीं साधा जा सका था।