कारोबार में निवेश कराने के नाम पर दिल्ली निवासी एक व्यक्ति से 3.35 करोड़ रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ डालनवाला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसएचओ राजेश साह ने बताया, ठगी को लेकर दिल्ली निवासी रमेश मिनोचा ने पुलिस को शिकायत की है। मिनोचा ने बताया कि उनके मित्र जबलपुर निवासी इंद्रप्रीत ने उनकी मुलाकात आर्यनगर निवासी अनिल उपाध्याय और विजय उपाध्याय उर्फ विजू डंगवाल से कराई थी। उपाध्याय बंधुओं ने कहा था कि वह होटल, टूर एंड ट्रैवल्स, मल्टी स्टोरी बिल्डिंग निर्माण, प्रॉपर्टी डीलिंग के क्षेत्र में कारोबार करते हैं। उनका यह कारोबार थाईलैंड तक फैला हुआ है।
उपाध्याय बंधुओं ने मिनोचा के सामने कारोबार से जुड़ने की पेशकश की, जिस पर वह तैयार हो गए। वर्ष 2016 में मिनोचा और उनके रिश्तेदारों ने उपाध्याय के खातों में 85 लाख रुपये जमा कराए। इसके बाद कई तरह के निवेश के लिए उनसे व उनके रिश्तेदारों से 3.35 करोड़ रुपये ले लिए। उन्हें बताया गया कि यह धन उन्होंने एक बहुमंजिला इमारत के निर्माण में लगाया है। लेकिन, जब उन्होंने साइट देखनी चाही तो वह टालने लगे। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। शिकायत पर अनिल उपाध्याय, विजय उपाध्याय, अनिल डंगवाल निवासी राजेश्वरी कॉलोनी देहरादून, अक्षय रतूड़ी निवासी जौलीग्रांट, एससी रतूड़ी एवं राजीव कुमार निवासी अंबाला हरियाणा, सोम प्रकाश निवासी अंबाला हरियाणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।