आज दून पहुंचेगी अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। 18 फरवरी से आयरलैंड के साथ शुरू हो रही सीरीज के लिए अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम रविवार देर शाम दून पहुंचेगी। टीम के स्वागत के लिए होटल के प्रवेश द्वार पर लकड़ी से रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का मॉडल बनाया है। आयरलैंड की टीम 18 फरवरी को पहुंचेगी। यहां टीमें 21 फरवरी से तीन टी-20, पांच वन-डे और एक टेस्ट मैच खेलेंगी।
शाम करीब छह बजे दून पहुंच रही अफगानिस्तान की टीम एक होटल में ठहरेगी। इससे पहले अफगानिस्तान टीम बंगलूरू से हवाई मार्ग से होते हुए देहरादून के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेगी। इसके बाद टीम को सड़क मार्ग से नंदा की चौकी स्थित एक होटल लाया जाएगा। होटल के सेल्स मैनेजर यासिर अराफत ने बताया कि टीम के ठहरने और उनके स्वागत के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दोनों टीमों के ठहरने के लिए इस होटल को चुना है। होटल के प्रवेश द्वार पर राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का मॉडल बनाया गया है। जिसका अनावरण शनिवार को होटल के महाप्रबंधक दिलीप छाबड़ा ने किया। मॉडल में स्टेडियम के सभी चारों प्रवेश द्वार, चार स्ट्रीट लाइटें, पिच पर लगे स्टप्ंस के साथ-साथ एलईडी स्क्रीन, बाउंड्री लाइन व बैठने के लिए स्टेंड और खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम बनाया गया है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की अगवानी चियरलीडर्स करेंगी। साथ ही उत्तराखंड की लोक संस्कृति के अनुरूप टीम का स्वागत किया जाएगा। वहीं आयरलैंड की टीम 18 फरवरी को दून पहुंचेगी।