ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने सोमवार को प्रयागराज कुंभ में पहुंचकर संतों को हरिद्वार में वर्ष 2021 में होने वाले कुंभ के लिए निमंत्रण दिए। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज कुंभ की व्यवस्थाओं को भी देखा ताकि हरिद्वार में भी बेहतर व्यवस्थाएं की जा सकें। उन्होंने हरिद्वार कुंभ को भव्य बनाने का भरोसा दिलाया।
सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक और मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह समेत अनेक अधिकारियों के साथ प्रयागराज कुंभ में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले श्रीमठ बागम्भरी गद्दी पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी व निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री व केबिनेट मंत्री ने संतों को वर्ष 2021 में हरिद्वार कुंभ में पधारने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार कुंभ के लिए तैयारियों में जुटी हुई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ से जुड़ी हर तैयारी पर वे बारीकी से निगाह रख रहे हैं। समय से सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएगी। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी ने कहा कि हरिद्वार कुंभ का आयोजन भव्य होगा ऐसी राज्य सरकार से ऐसी पूरी उम्मीद है। निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि हरिद्वार कुंभ 2021 के सफल आयोजन के लिए पूरा संत समाज उत्तराखंड सरकार के साथ खड़ा है। अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरी, महंत रामरतन गिरी, महंत राधेश्याम गिरी, महंत डोंगर जी महाराज, महंत धर्मराज भारती, महंत ललितानंद गिरी से भी उत्तराखंड सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और आगामी कुंभ के सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद लिया। प्रतिनिधिमंडल में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर, मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार केएस रावत व हरिद्वार कुंभ के उप मेलाधिकारी मनीष कुमार सिंह भी मौजूद रहे।