ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से एससी एसटी और ओबीसी श्रेणी के बेरोजगार युवाओं को टंकण और आशुलिपि का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए कार्यालय 31 दिसंबर को साक्षात्कार आयोजित करेगा। टंकण व्यवसाय का सत्र जनवरी 2019 से जून माह तक चलेगा। जबकि, आशुलिपि प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष की होगी, यह प्रशिक्षण दिसंबर 2019 तक चलेगा।
मंगलवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय दून के सहायक सेवायोजन अधिकारी उमेश चंद्र डोभाल ने बताया कि निशुल्क प्रशिक्षण के लिए युवा कार्यालय से आवेदनपत्र लेकर 28 दिसंबर तक जमा करवा सकते हैं। इसके बाद चयनित आवेदनों के 31 दिसंबर को सुबह 11 बजे से साक्षात्कार लिए जाएंगे।
----
ये रहेंगी मुख्य योग्यताएं
- प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी का बारहवीं कक्षा पास होना अनिवार्य है।
- अभ्यर्थी ने दसवीं कक्षा अंग्रेजी विषय से उत्तीर्ण हो।
- आयु सीमा 18 से 30 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
- साक्षात्कार में शैक्षणिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य है।