ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अभिकरण दो सप्ताह का विशेष अभियान चलाने जा रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन तक अभिकरण की टीमें शहर में छापेमारी कर नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों के नमूने भरेंगी।
हर साल त्योहारों पर बाजार में नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति बढ़ जाती है। विशेषकर दूध और उससे बने उत्पादों के साथ ही बड़े पैमाने पर नकली मिठाइयां बाजार में उतारी जाती हैं। लिहाजा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा अभिकरण दो सप्ताह तक शहर में अभियान चलाएगा। जिला अभिहीत अधिकारी जीसी कांडपाल ने बताया कि ज्यादातर दुकानदार पहले से मिर्ठाई तैयार कर लेते हैं। ऐसे में त्योहार नजदीक आने तक मिठाइयां खराब हो जाती हैं।
साथ ही नकली और मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति भी बढ़ जाती है। इसके मद्देनजर छापेमारी कर दुकानों से नमूने लिए जाएंगे। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सफाई जैसे बिंदुओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा दुकानदारों और निर्माताओं को बेहतर गुणवत्ता के लिए प्रोत्साहित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुकानों और निर्माण इकाइयों के साथ ही बाहर से आने वाली मिठाइयों और कच्चे माल की निगरानी के लिए भी पुलिस से समन्वय बनाकर कार्रवाई की जाएगी।