घर में होती है बच्चों की अच्छी परवरिश : राधा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। प्रदेश के बच्चों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्लान इंडिया और भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर कार्यशाला का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में हुई कार्यशाला में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। कार्यशाला में बच्चों की सुरक्षा, हिंसा, बालश्रम, स्वास्थ्य, विकास और बच्चों के अधिकारों पर चर्चा की गई।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि बच्चों की अच्छी परवरिश घर में होती है। जिससे बच्चों में बढ़ते अपराध को रोका जा सकता है। रतूड़ी ने कहा कि जो बच्चे अनाथ आश्रम में रहते हैं, उन्हें प्यार और संस्कार देने से उन्हें अपराधी बनने से रोका जा सकता है। अपर प्रमुख सचिव रामविलास यादव ने कहा कि बाल संरक्षण योजना पर और अधिक तेजी से काम किया जाएगा।
समाज कल्याण विभाग के निदेशक मेजर योगेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों में आपराधिक प्रवृत्ति बढ़ने का मुख्य कारण परिवार संरचना का कमजोर होना है। इस समस्या के समाधान के लिए कानून का सहयोग लेना जरूरी है। इस दौरान बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी, सदस्य सीमा डोरा, भुवनेश्वरी महिला आश्रम के सचिव ज्ञान सिंह रावत, संस्था के प्रबंधक सुरेश बलोदी, गोपाल थपलियाल, अजय पंवार, भूपेंद्र बड़ोनी, स्वेता आदि मौजूद रहे।
गैणसैंण में नहीं है आधार बनाने का केंद्र
प्रदेश की राजधानी बनने वाले गैरसैंण में लोग आधार कार्ड बनाने के लिए आधार केंद्रों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। कार्यशाला में आए ग्राम रामडामल्ला गैरसैंण के प्रधान होश्यार सिंह बिष्ट ने अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी को बताया कि आधार कार्ड बनवाने के लिए लोग फजीहत झेल रहे हैं। लोगों को आधार कार्ड बनाने के लिए दो तीन दिन के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा है। राधा रतूड़ी ने उनको आश्वासन दिया कि इस संबंध में जल्द कोई व्यवस्था की जाएगी।