ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण कराने के लिए सोमवार सुबह से ही बेरोजगार युवाओं भीड़ रही, लेकिन सर्वर की सुस्ती के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को लौटना पड़ा।
बता दें, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में बीएसएनएल का सर्वर लगा है, लेकिन बीते कई दिनों से सर्वर की खराबी के कारण पंजीकरण कराने के लिए पहुंचने वाले युवाओं को मायूस लौटना पड़ रहा है। सर्वर की समस्या सोमवार को भी दूर नहीं हो सकी। इसके चलते बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं को लौटना पड़ा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय पहुंचीं रायपुर निवासी नीलम ने बताया कि सुबह दस बजे से लाइन में लगने बाद शाम चार बजे तक पंजीकरण नहीं हो सका। कांवली निवासी नेहा ने कहा कि आवेदन फार्म में सेवायोजन कार्यालय की पंजीकरण संख्या भरनी अनिवार्य है, लेकिन सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण नहीं हो पा रहा है। इससे आवेदन फार्म भरने में समस्या आ रही है। खुड़बुड़ा निवासी पूजन ने बताया कि सेवायोजन अधिकारी किसी सीएससी सेंटर के माध्यम से पंजीकरण कराने का सुझाव दे रहे हैं, लेकिन सीएससी सेंटरों पर निर्धारित शुल्क 30 रुपये की बजाय ज्यादा की वसूली की जा रही है।
---
कुछ समय से बीएसएनएल के सर्वर में दिक्कत है। इसके कारण पंजीकरण आदि कार्य बाधित हो रहा है। इसकी शिकायत की गई है। जल्द ही ठीक होने पर कार्य फिर से पहले की तरह सुचारु हो जाएगा।
अजय सिंह, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी