ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
दून अस्पताल के आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी) में रविवार को पहुंचे एक युवक की अचानक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
घटनाक्रम के मुताबिक एक युवक (30) रविवार को दून अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियोें के मुताबिक युवक काफी देर तक कुर्सी पर बैठा रहा और फिर अचानक गिर पड़ा। इसके बाद अस्पताल परिसर और इमरजेंसी में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में कुछ डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ मौके पर पहुंचे और युवक की जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक युवक पिछले दिनों लक्खीबाग इलाके में देखा गया था। इस बात की भी जानकारी मिली है कि वह नशे का आदी था। युवक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।