फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कॅरियर बनाने के तमाम मौके, चुनें अपना विकल्प

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन

सेंट जोजेफ्स अकादमी में एसजेए एल्युमिनाई एसोसिएशन की ओर आयोजित दो दिवसीय देहरादून कॅरियर कॉन्क्लेव-2018 का शनिवार को समापन हो गया। कॉन्क्लेव में 28 सत्रों का आयोजन हुआ, जिसमें 35 विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को कॅरियर संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
एडीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने छात्रों को सिविल सर्विसेज की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्र सिविल सर्विसेज के क्षेत्र में बेहतर कॅरियर बना सकते हैं। इसके अलावा खेल में भी काफी संभावना है। कहा कि आज युवाओं के पास विभिन्न क्षेत्रों में कॅरियर बनाने के तमाम मौके हैं, लेकिन युवाओं को अपनी पसंद के अनुसार विकल्प चुनना चाहिए।
विज्ञापन

वहीं, भाजयुमो मीडिया की सह प्रभारी नेहा जोशी ने कहा कि आज नॉन प्राफिट पॉलिसी मेकिंग में बहुत संभावनाएं हैं। राजनेता तक एक्सपर्ट रख रहे हैं। ऐसे में इस क्षेत्र में छात्र बेहतर भविष्य बना सकते हैं। यह उभरता हुआ क्षेत्र है, कई साल पहले ऐसा नहीं था। दिल्ली से पहुंची भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने लॉ में भविष्य की चुनौतियों के बारे में छात्रों को बताया। सूर्या लॉ एकेडमी चंडीगढ़ की निदेशक मेघा शर्मा ने कहा कि छात्र लॉ के हिसाब से तैयारी कर सकते हैं, क्लैट की परीक्षा पास करने के बाद वकालत की फील्ड में उतरकर नाम कमा सकते हैं। एनजीओ, बैंकिंग, कारपोरेट समेत तमाम सेक्टर में काफी डिमांड है।
अभिनेता मुकेश त्यागी ने कहा कि कुछ लोग पैसा कमाना चाहते हैं और कुछ नाम। युवा कॅरियर के चयन में अक्सर संशय की स्थिति में रहते है। अगर वह दिल से काम करें तो नाम के साथ पैसा खुद चलकर आएगा। ये युवाओं को तय करना है कि वह क्या करना चाहते हैं। अगर इसके अलावा कई अन्य विशेषज्ञों ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान एसजेए एल्युमिनाई एसोसिएशन के प्रधान रणधीर आरोन, प्रवीण चंडोक, आरुषि निशंक, मनोज देवगन, जितेंद्र भाटिया, रजत शर्मा, समीर उनियाल आदि मौजूद रहे।
...................
अभिभावकों को दिए जरूरी टिप्स
कॉन्क्लेव में बच्चों के अभिभावकों के साथ कॅरियर काउंसलर डॉ. संगीता खुल्लर की वार्ता का सत्र आयोजित हुआ। जिसमें उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों पर कॅरियर के लिए दबाव न बनाएं। कोशिश करें कि वह अपने पसंदीदा फील्ड में ही कॅरियर बनाएं। ऐसा होने से उसके सफल होने की संभावना अधिक रहती है। वहीं, बच्चा डिप्रेशन में भी नहीं आता है।
..................
फोटो
पहले पढ़ाई पूरी करो, फिल्म इंडस्ट्री में काफी संभावना
फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने छात्रों को दिए टिप्स
बोले, हर फील्ड में स्ट्रगल, पैशन से बदले भविष्य
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून।
पहले पढ़ाई पूरी करो, फिल्म इंडस्ट्री में काफी संभावना है। आज हर फील्ड में स्ट्रगल है। अगर पैशन है तो भविष्य खुद-ब-खुद बेहतर हो जाएगा। सेंट जोजेफ्स अकादमी में आयोजित कॅरियर कॉन्क्लेव-2018 में युवाओं को संबोधित कर फिल्म निर्माता पद्मश्री मधुर भंडारकर ने यह बातें कही।
उन्होंने कहा कि फिल्म लोगों को आपस में जोड़ने का बड़ा माध्यम है। अच्छे मुद्दे पर बनी फिल्म को दर्शक हमेशा सराहते हैं। अपने संघर्ष के बारे में उन्होंने बताया कि घरेलू परिस्थितियों के चलते वह अधिक पढ़ाई नहीं कर पाए थे। लेकिन, उनके मन में बचपन से ही फिल्म निर्माता बनने की ललक थी। बकौल मधुर, जब लोगों से कहता था कि मैं बड़ा होकर फिल्म निर्माता बनूंगा तो लोग हंसते थे। ताने मारते थे। पर मैंने हार नहीं मानी, कड़ी मेहनत के बल पर मुकाम हासिल किया। कहा कि बॉलीवुड में युवाओं के लिए काफी संभावना है, लेकिन सफलता की कोई गारंटी नहीं है। बहुत ही कम लोग सफल होते हैं, ऐसे में युवाओं को हताश नहीं होना चाहिए, दूसरे फील्ड में कॅरियर बनाना चाहिए।
............................
छात्र क्या बनना चाहते हैं अभी तय करना मुश्किल
मधुर ने कहा छात्र बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं, यह तय करना बड़ा मुश्किल होता है। आज कोई डॉक्टर बनना चाहता है, कल इंजीनियर और परसों कुछ और...। ऐसे में पहले पूरा फोकस पढ़ाई पूरी होने पर करना चाहिए। इसके बाद जिस क्षेत्र में रूचि हो, उस पर कॅरियर बनाना चाहिए।
.....................
महिलाओं से जुड़े मुद्दे उठाना पसंद
फिल्म निर्माता भंडारकर ने कहा कि उन्हें महिलाओं से जुड़े मुद्दे उठाना पसंद है, यही कारण है कि उनकी ज्यादातर फिल्में महिला प्रधान होती हैं। चांदनी बार, पेज थ्री, फैशन, कारपोरेट से लेकर इंदु सरकार तक इसकी झलक दिखती है।
.....................
तब्बू हैं पसंदीदा अभिनेत्री
बच्चों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चांदनी बार उनके कॅरियर की पहली हिट फिल्म रही है। इसमें अभिनेत्री तब्बू ने शानदार अभिनय किया था। यह फिल्म आज में मेरी सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक है। तब्बू मेरी फेवरेट अभिनेत्रियों में से एक हैं। वहीं, लता, किशोर, आरडी बर्मन के गीत सुनना पसंद है।
..................
रणवीर और दीपिका प्रतिभावान कलाकार
भंडारकर ने कहा कि आज के दौर के कलाकारों में रणवीर कपूर और दीपिका पादुकोण प्रतिभावान कलाकार हैं। इसके अलावा आलिया भट्ट, वरुण धवन भी काफी मेहनती हैं।
.......................
विशेषज्ञों से बातचीत
रेलवे में युवाओं के लिए है तमाम मौके
छात्रों को अपनी रुचि के हिसाब संभावनाएं तलाशनी चाहिए। वर्तमान में रेलवे ने एक लाख युवाओं के लिए वैकेंसी निकाली है। जिसमें टेकिभनशियन, लोको पायलट, सुपरवाइजर आदि के पद हैं। जिसे लेकर अब तक दो करोड़ से अधिक आवेदन आ चुके हैं। ऑनलाइन एग्जाम इस वर्ष के अंत तक होंगे। रेलवे अच्छे खिलाड़ियों को भी सीधे रेलवे में लेता है, लेकिन इसके लिए मेहनत और तैयारी की जरूरत है।
- मनोज पांडेय, अपर सदस्य स्टाफ रेलवे बोर्ड
...................
युवाओं का मल्टी टैलेंटेड होना जरूरी
पहले की तुलना में आज के युवा काफी प्रतिभावान है। आज के युवाओं को मल्टी टैलेंटेड होना बेहद जरूरी है। एक कर्मचारी अधिक से अधिक कार्य कर रहा है। ऐसे में रोजगारपरक प्रोफेशनल कोर्स करने चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में भी काफी संभावनाएं है। यूजीसी, इंजीनियरिंग आदि में युवा अपना कॅरियर बना सकते हैं। इसके अलावा आसपास की अन्य संभावनाओं पर भी नजर रखनी चाहिए, जिससे बेहतरीन कॅरियर बनाने में मदद मिल सके।
- डॉ. विवेक कुमार, कुलपति क्वांटम विवि रुड़की
.............................
आज हर फील्ड में है बेहतर भविष्य
आज हर फील्ड में भविष्य है। लेकिन, हमें केवल वही फील्ड चुननी चाहिए, जिसमें हम खुद को बेहतर महसूस करते हैं। क्योंकि तभी रिजल्ट अच्छा आ सकेगा। पहले युवा कैसे बनूं पर फोकस करते थे, लेकिन अब यह बदल गया है। युवाओं को कॅरियर बनाते समय खुद से क्यों बनूं का सवाल पूछना चाहिए। इससे न केवल उन्हें अपना लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी बल्कि वह उसमें बेहतर प्रदर्शन भी कर सकेंगे। - कपिल रावत, सीईओ लाइफ पेज
..................
इंटरनेट के जरिये भी कर सकते हैं कमाई
वर्तमान में सबकुछ ग्लोबल हो गया है। अगर बेहतर आइडिया है तो युवा इंटरनेट के जरिये भी पैसा कमा सकते हैं। फेसबुक का मार्केटिंग प्रयोग कर ग्लोबल लेवल पर अपने बिजनेस को आगे बढ़ा सकते हैं। लेकिन, सबसे पहले युवाओं को अपना पसंदीदा क्षेत्र चुनना होगा। जिसके बारे में हर एक बात उसे पता हो। वह लगातार उसे लेकर नए इनोवेशन करता रहे। - राहुल भटनागर, निदेशक कम्युनिकेशन मास्कफ्री
विज्ञापन

................
फोटो समेत
कॉन्क्लेव में उत्साहित नजर आए छात्र
.................................................
कॅरियर कॉन्क्लेव शानदार रहा। हमें अभी से पता चल गया कि भविष्य में क्या करना है। किस तरह से हम सफलता अर्जित कर सकते हैं। - श्रृष्टि शर्मा

कार्यक्रम में आए विशेषज्ञों ने काफी मोटिवेट किया। इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए। इसका हमें काफी लाभ मिलता है। - इशिता गांधी

कॉन्क्लेव के जरिये हमें पता चला कि कॉलेज नहीं बल्कि पढ़ाई महत्वपूर्ण होती है। हमें अपने पसंदीदा विषय को चुनना चाहिए। - नमन गोयल

आज हर स्ट्रीम में भविष्य है। कॉन्क्लेव में काफी कुछ सीखने को मिला। पता चला कि भविष्य में जो बनना है, उसकी तैयारी अभी से करनी है। - चैतन्य नेगी
...................
विभिन्न यूनिवर्सिटी-कॉलेज ने लगाए स्टॉल
ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, एसआरएम यूनिवर्सिटी, क्वांटम यूनिवर्सिटी, बीएफआईटी कॉलेज के साथ ही करीब 30 स्टॉल लगाए गए थे। जिसमें छात्र-छात्राओं को कॉलेज में संचालित कोर्सों के बारे में जानकारी दी गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें