डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ प्रदेशव्यापी धरना कल से
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ और ग्रामीण निर्माण विभाग सोमवार से 12 सूत्री मांगों को लेकर दो दिन प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेगा। इसे लेकर शनिवार को मुख्य अभियंता कार्यालय में संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक की, जिसमें धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
संगठन के महासचिव रमेश थपलियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री, विभागीय सचिव एवं मुख्य अभियंता (प्रथम) को पहले ही आंदोलन की चेतावनी दी जा चुकी है। मंडल सचिव गढ़वाल ए बडोनी ने कहा कि गढ़वाल में होने वाले धरना-प्रदर्शन में चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी आदि से डिप्लोमा इंजीनियर दून पहुंचेंगे। वहीं, 24 को कुमाऊं में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन वर्तमान जरूरतों के मुताबिक विभाग का पुनर्गठन करने, 10 अक्तूबर 2017 के शासनादेश के अनुसार विभाग में कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं का वेतनमान जल्द निर्धारित करने, विभाग में रिक्त सहायक अभियंताओं के पदों पर नियमित पदोन्नति जल्द करने आदि की मांग कर रहे हैं। बैठक में वीके जोशी, विकास, माया सिंह चौहान, आरके सिंह, मुकेश रमोला, श्यामसुंदर आदि मौजूद रहे।