ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
सीबीएसई स्कूल गेम्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से 15 अप्रैल से 20 जुलाई तक इंटर स्कूल नेशनल फुटबाल चैंपियनशिप आयोजित की गई जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून में होगा। इसमें बालकों की अंडर-14 व 17 और बालिकाओं की अंडर-17 वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।
सीबीएसई के खेल समन्वयक वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता पहले जिला और फिर राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसकी विजेता टीम को सुब्रतो मुखर्जी इंटरनेशनल फुटबाल चैंपियनशिप 2018 में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 15 फरवरी से छह अप्रैल तक कराए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए स्कूलों और खिलाड़ियों को वेबसाइट cbse-bsgws.sportemis.com पर पंजीकरण कराना होगा।
अंडर-14 बालक वर्ग में एक जनवरी 2005 और अंडर-17 बालक व बालिका वर्ग में एक जनवरी 2002 के बाद जन्मे खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड रेफरी एसोसिएशन और देहरादून फुटबाल एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता, बेस्ट कोच, बेस्ट प्लेयर, गोल्डन बूट, गोल्डन ग्लव्स समेत अन्य अवॉर्ड दिए जाएंगे।